ये है वॉलीबाल वाली ढाणी, यहां हर घर में खिलाड़ी

ये है वॉलीबाल वाली ढाणी, यहां हर घर में खिलाड़ी


झुंझुनूं

. उदयपुरवाटी उपखंड के धमोरा गांव में स्थित जाखड़ों की ढाणी के खिलाड़ी वॉलीबाल में अपनी अलग पहचान रखते है। यहां के खिलाड़ी पिछले पचास वर्षों से भी ज्यादा समय से वॉलीबाल मेंं लगातार अपना दमखम दिखा रहे है। ढाणी के लोगों का वॉलीबाल खेल में इतना रूझान है कि जिसके कारण यहां लगभग प्रत्येक घर में एक से बढकर एक बेहतरीन खिलाड़ी मिल जाता है। यहां के 15 खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके वहीं 50 से भी ज्यादा खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में खेल चुके है। यहां की लड़कियां भी महिला वर्ग में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेल चुकी है। ढाणी निवासी रामावतार सिंह जाखड़ के पुत्र दुष्यंत सिंह इन दिनों इरान के तेहरान में आयोजित विश्व जूनियर वॉलीबाल चैंम्पियशिप में भारत की अंडर 19 टीम में खेल रहे है।


पहले पिता व अब बेटे ने बनाई इंडिया टीम में जगह
जिला वॉलीबाल संघ के सचिव महावीर प्रसाद जाखड़ ने बताया कि दुष्यंत सिंह के पिता रामावतार सिंह जाखड़ भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके है। फिलहाल वे राजस्थान वॉलीबाल संघ के महासचिव तथा एशियन वॉलीबाल फैडरेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष है। दुष्यंत की बहिन डॉ मिमांसा सिंह अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी व माता अंजू सिंह नेशनल खिलाड़ी रह चुकी है। रामावतार जाखड़ अपने परिवार सहित गत कई वर्षों से जयपुर में रहते हैं।
दादा रह चुके विधायक
अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दुष्यंत सिंह के दादा नवरंग सिंह जाखड़ नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके। धमोरा निवासी नवरंग सिंह जाखड़ नवलगढ़ में शिक्षक थे उसी समय वे परिवार सहित नवलगढ़ रहने लगे थे। वे पहली बार 1977 में नवलगढ़ से विधायक  जीते थे। तथा दूसरी बार उन्होंने 1985 में विधायक का चुनाव जीता।  
ढ़ाणी के ये खिलाड़ी देश-विदेश में दिखा चुके दमखम
वॉलीबाल में ढाणी के कई खिलाड़ी देश-विदेश में अपना दमखम दिखा चुके है। यहां के खिलाड़ी राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर के अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की टीमों में कइ बार खेल चुके है। पूर्व सरपंच कमलचंद जाखड़,रामावतार जाखड़,मोहनसिंह जाखड़,दयाराम जाखड़,महावीर जाखड़,राजेंद्र जाखड़,विद्याधर जाखड़,अशोक जाखड़,सहीराम जाखड़,उम्मेद जाखड़,हेमसिंह शेखावत,जयप्रकाश जाखड़,सुभाष जाखड़ राज्य व राष्ट्रीय टीमों में खेल चुके है। महिला वर्ग की अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय टीम में सरोज जाखड़,रशना जाखड़,सुनिता खीचड़,श्रेया जाखड़,विनोद जाखड़,डॉ मीमांसा जाखड़,रेणू जाखड़  खेल चुके है।