कल आएंगे महाराष्ट्र CM शिंदे, राजेंद्र गुढ़ा के बेटे के बर्थडे में होंगे शामिल, गुढ़ा के शिवसेना में शामिल होने की अटकलें हुई शुरू

कल आएंगे महाराष्ट्र CM शिंदे, राजेंद्र गुढ़ा के बेटे के बर्थडे में होंगे शामिल, गुढ़ा के शिवसेना में शामिल होने की अटकलें हुई शुरू

राजस्थान पोस्ट। झुंझुनूं

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कल यानी शनिवार को गुड़ा आएंगे। वो उदयपुरवाटी विधायक और गहलोत सरकार से बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के बेटे के बर्थडे में शामिल होंगे।  इसके लिए गुड़ा गांव में तैयारियां शुरू कर दी गई।  ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि कल लाल डायरी से राजस्थान की राजनीति में सियासी भूचाल लाने वाले नेता राजेंद्र गुढ़ा शिवसेना में शामिल हो सकते हैं, हालांकि अभी तक राजेंद्रसिंह गुढ़ा ने इस बारे में खुलकर नहीं बोला है।  उल्लेखनीय हो कि लाल डायरी को लेकर चर्चा में आए उदयपुरवाटी विधायक एवं राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बीते कुछ दिनों से फिर से चर्चा में हैं, राजेंद्र सिंह गुढ़ा कल अपने बेटे शिवम गुढ़ा का जन्मदिन मनाएंगे, इसमें शिवसेना पार्टी से महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे शिरकत करेंगे।  इसको लेकर झुंझुनूं जिले सहित पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना है।  राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि कल राजेंद्र सिंह गुढ़ा शिवसेना पार्टी में शामिल होंगे। कार्यक्रम के अनुसार सीएम शिंदे शनिवार सुबह 7.30 बजे महाराष्ट्र से रवाना होंगे। वे चार्टर विमान से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, यहां से हेलीकॉप्टर से सुबह 10 बजे गुड़ा पहुंचेंगे। शिंदे सबसे पहले लिबर्टी फार्म पर पत्रकार वार्ता करेंगे। इसके बाद गांव में लग रहे हैल्थ कैंप में जाएंगे, इसके बाद वे लोगों को संबोधित करेंगे। राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने पिछले साल अपने बेटे के जन्मदिन पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को बुलवाया था. जिसमें अशोक गहलोत ने यह कहते हुए गुढ़ा की तारीफ की थी कि अगर राजेंद्र सिंह गुढ़ा नहीं होते तो मैं सीएम नहीं होता।  अब महाराष्ट्र के शिवसेना पार्टी से सीएम एकनाथ शिंदे को बुलाना पूरे जिले सहित राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है.

राजेंद्र सिंह गुढ़ा का राजनैतिक सफर

पहले लोजपा, फिर बसपा, फिर कांग्रेस और अब शिव सेना!

राजेंद्र सिंह गुढ़ा की सियासी पारी लोक जन शक्ति पार्टी से शुरू हुई थी. तब उनके छोटे भाई रणवीर सिंह गुढ़ा ने उदयपुरवाटी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की, इसके बाद 2008 में राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने बसपा से चुनाव लड़ा और कांग्रेस में शामिल हो गए। फिर 2013 का चुनाव राजेंद्र गुढ़ा ने कांग्रेस के टिकट से लड़ा, लेकिन हार गए।  2018 में राजेंद्र सिंह गुढ़ा कांग्रेस छोड़ फिर से बसपा में शामिल हुए और टिकट पर चुनाव लड़कर फिर से बसपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए।  अब पिछले एक साल से राजेंद्र सिंह गुढ़ा कांग्रेस से दूरी बनाकर चल रहे हैं, लेकिन महाराष्ट्र के सीएम के आने की चर्चाओं ने एक बार फिर राजेंद्र सिंह गुढ़ा के शिव सेना में शामिल होने की चर्चाओं ने जन्म दे दिया है।