सीएम सलाहकार डा. शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की खुलकर की पैरवी, बोले कार्यकर्ताओं को मिलनी चाहिए तवज्जों
जयपुर।
कांग्रेस के खुले अधिवेशन में मंत्री - विधायकों और सीएम के सलाहकारों ने अधिवेशन में खुलकर कमियां गिनाईं। सीएम के सलाहकार और नवलगढ़ से कांग्रेस विधायक राजकुमार शर्मा ने खुलकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पैरवी करते हुए तवज्जों देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हमारे मंत्री और अफसर कार्यकर्ता को शक की निगाह से देखते हैं। ब्लॉक से राजधानी तक कार्यकर्ता के काम होने चाहिए। हम रैली करते हैं या कोई कार्यकम करते हैं तो यही कार्यकर्ता काम करता है, उसे भी नीचे किसी को ऑब्लाइज करना होता है। हम कार्यकर्ता के काम करेंगे तभी तो फील्ड में उसके साथ लोग खड़े होंगे, आर्थिक युग है। कार्यकर्ता को शक की निगाह से देखना बंद कीजिए। शर्मा ने सियासी संकट की तरफ इशारा करते हुए भी बहुत सी बातें कही जो आमजन की जुबान पर तो है पर बड़े नेता जानते हुए भी इन बातों अनदेखी कर देते हैं। उन्होंने कहा- आपके पास तो उदाहरण है, कितने कितने प्रलोभन थे हमारे विधायकों के पास, लेकिन आपको और कांग्रेस पार्टी को छोड़कर नहीं गए। इतने प्रलोभन किसी को मिल जाए तो पत्नी पति को और पति पत्नी को छोड़ दे। हमें यह अधिवेशन दो दिन का रखना चाहिए था। विधायकों के साथ खूब सम्मेलन कर लिए अब कार्यकर्ताओं के सम्मेलन करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सिर्फ सरकार चलाते है, जबकि कार्यकर्ता सरकार बनाते है। इसलिए कार्यकर्ताओं को तवज्जों मिलनी चाहिए, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मन की बात पहली बार प्रदेश के किसी विधायक ने कांग्रेस अधिवेशन में पहली बार खुलकर उठाई है। अब ऐसा लगने लगा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी तवज्जों मिलेगी।