लम्पी में सहायता के लिए आगे आ रहे हैं भामाशाह, भामाशाह मनोज लुहारीवालों ने 1 लाख दवाईयां भेंट की
झुंझुनू।
जिले में लम्पी रोग पर नियंत्रण और उपचार के लिए भामाशाह लगातार जिला प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। बुधवार को भामाशाह मनोज कुमार लुहारीवालों ने पशुपालन विभाग को 1 लाख वर्मावेंट दवाईयां भेंट की। इन दवाईयों की कीमत लगभग 15 लाख रुपए है। मनोज लुहारीवालों ने बताया कि जिले में पशुधन पर आए संकट को देखते हुए यह सहायता करने की प्रेरणा उन्हें श्री श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट और जिला गौसेवा समिति से मिली। मनोज ने यह दवाईयां बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर लक्ष्मण सिंह कुड़ी और पशुपालन विभाग से संयुक्त निदेशक डॉ. रामेश्वर सिंह को भेंट की। जिला कलक्टर लक्ष्मण सिंह कुड़ी ने इस सहयोग पर धन्यवाद देते हुए कहा कि गौवंश की रक्षा के लिए यह मदद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले के भामाशाहों से पशुधन के हित में सहयोग जारी रखने की भी अपील की है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. रामेश्वर सिंह ने भी आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ताराचंद भोड़कीवाले, सुभाषचंद्र क्यामसरिया, निरंजन जानूं, कृष्ण कुमार जानूं, विनोद सिंघानिया, प्रमोद खंडेलवाल, राजकुमार मोरवाल, दिनेश ढेंढारिया और दिनेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।