ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार गिरफ्तार, पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के बाद से था फरार

ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार गिरफ्तार, पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के बाद से था फरार

नई दिल्ली। 

दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के बाद से फरार ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। 

जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने  23 वर्षीय सागर राणा की हत्या के मामले में दोनों उक्त आरोपियों को रविवार सुबह दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर शिवकुमार के निर्देशन में स्पेशल सेल की टीम ने दो वांछित लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में पहलवान सुशील कुमार के साथ ही अजय उर्फ सुनील भी शामिल हैं। सुशील पहलवान पर एक लाख का इनाम घोषित था जबकि अजय पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वहीं सुशील कुमार की तलाश में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के अलावा यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और अब पंजाब में ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली में कई ठिकानों पर पुलिस ने छापा मारा लेकिन सुशील का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस को सबसे पहले सुशील के उत्तराखंड जाने की जानकारी मिली थी। उसके बाद से पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच राज्यों में दबिश दे रही थी। 
आपको बता दें कि दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 4 मई की रात पहलवानों के बीच हाथापाई का मामला सामने आया था। इसमें कुछ पहलवान बुरी तरह घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जूनियर नेशनल चैंपियन पहलवान सागर के रूप में हुई थी।